कबीरधाम जिले की बेटी आदिति ने देश में छत्तीसगढ़ महतारी का बढ़ाया मान

कवर्धा। एक बार फिर कबीरधाम जिले की महिला किसान आदिति कश्यप ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। उन्होने अधिकतम धान उत्पादन कर राष्ट्रीय स्तर के कृषि कर्मण पुरस्कर अपने नाम किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में आयोजित एक कार्यक्रम में महिला किसान को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रधानमंत्री द्वारा कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित करते हुए 2 लाख रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया। इस पुरस्कार के तहत् छत्तीसगढ़ प्रदेश को 5 करोड़ रूपए मिला। कबीरधाम के साथ धमतरी के किसान श्री विरेन्द्र कुमार साहू को भी पुरस्कृत किया गया।

महिला किसान आदिति कश्यप मूलतः कबीरधाम जिले के कवर्धा विकासखण्ड के पालीगुढ़ा की रहने वाली है। वर्ष 2016-17 में सर्वाधिक खाद्यान्न उत्पादन श्रेणी 2 के अंतर्गत धान के अधिकतम उत्पादन के लिए प्रगतिशील महिला किसान आदिति कश्यप को प्रधानमंत्री ने यह पुरस्कार कर्नाटक राज्य के तुमकुरू में आयोजित कार्यक्रम में प्रदाय किया गया। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ को खाद्यान्न उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दो बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला, जिसमें कबीरधाम जिले के दो उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित किया गया है। वर्ष 2014 में प्रभात चंद्राकर, ग्राम भरेवापुरन, पंडरिया को भी कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आदिति कश्यप श्री विधि से धान के अधिकतम उत्पादन किया और कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी, पशुपालन और मछलीपालन के क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य किया। उक्त कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के दोनों किसानों को बधाई और शुभकामनाएँ दी। प्रदेश को कृषि कर्मण पुरस्कार के रूप में 5 करोड़ रूपए छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने पुरस्कार ग्रहण किया। कृषि मंत्री श्री चौबे ने छत्तीसगढ़ के किसानों और विभागीय अधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और इस पुरस्कार को प्रदेश के अन्नदाता किसानों के नाम समर्पित किया। कृषि मंत्री के साथ-साथ टामनसिंह सोनवानी, संचालक कृषि, एम.एस. केरकेट्टा, अपर संचालक, डी.के. भोयर, संचालक समेती ने पुरस्कार ग्रहण किया।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.