मुख्यमंत्री ने उप स्वास्थ केन्द्र किस्टाराम को एम्बुलेंस दिए जाने की घोषणा की

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा जिले के कोंटा विकासखण्ड के धुर नक्सल प्रभावित ग्राम किस्टाराम स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र को मरीजों के परिवहन सुविधा के लिए एम्बुलेंस दिए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुकमा जिले में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान किस्टाराम उप स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ एएनएम प्रतिभा नेताम के आग्रह एवं किस्टाराम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के मद्देनजर यह घोषणा की। सुकमा जिले का सीमावर्ती गांव किस्टाराम आन्ध्रप्रदेश और तेलंगाना की सीमा से लगा हुआ है। यहां स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र कई सालों से अनुपयोगी एवं बंद पड़ा था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा की विशेष पहल पर उप स्वास्थ्य केन्द्र अब बेहतर तरीके से संचालित होने लगा है।

उप स्वास्थ्य केन्द्र किस्टाराम में पदस्थ एएनएम प्रतिभा नेताम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लाईव चर्चा की और स्वास्थ केन्द्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। एएनएम ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों के इलाज के साथ-साथ संस्थागत प्रसव भी कराया जाने लगा है। उन्होंने बताया कि कई बार ऐसी स्थिति आती है कि गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय रिफर करना पड़ता है, परन्तु मरीजों के परिवहन की सुविधा न होने के कारण दिक्कत होती है। एएनएम प्रतिभा नेताम ने मुख्यमंत्री को बताया कि किस्टाराम उप स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत वाले गांवों में आपकी विशेष पहल से मिली स्कूटी से वह दौरा कर टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध कराती हैं। जिला मुख्यालय की दूरी अधिक होने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री से उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए विशेष तौर पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सहमति दी। मुख्यमंत्री ने एएनएम प्रतिभा नेताम की सेवाभावना और कर्तव्य निष्ठा की सराहना की। इस मौके पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी एएनएम सुश्री नेताम द्वारा क्षेत्र के लोगों को पूरी निष्ठा एवं कर्तव्य परायणता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराए जाने की तारीफ की।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.