राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का दूसरा दिन : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अतिथियों के साथ देखी नर्तक दलों की प्रस्तुति

रायपुर। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और अतिथियों के साथ आदिवासी नर्तक दलों की प्रस्तुति देखी और उनका उत्साहवर्धन किया। इस महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में पारम्परिक त्यौहारों, अनुष्ठानों, फसल कटाई एवं अन्य पारम्परिक विधाओं पर आधारित प्रतियोगिता की अंतिम प्रस्तुति गोवा के नृत्य दल ने कुनबी नृत्य प्रस्तुत कर दी। कुनबी नृत्य पूर्व पुर्तगालीन काल की सामाजिक विषयवस्तु पर आधारित है जो मांड या पूजा स्थल पर किया जाता है।

पारंपरिक लाल रंग की सूती साड़ी जिस पर छोटी चौकोर आकृतियां होती है, कुनबी नृत्य का परिधान है। महिला नर्तक बालों में लाल रंग के फूल लगाती हैं। कुनबी नृत्य में महिलाएं हाथों को बांधकर घेरे में नृत्य करती है जिसे फांती प्रथा कहा जाता है। नृत्य के दौरान घूमत, महादेलम, और कासलेम आदि वाद्य यंत्रों का उपयोग किया जाता है। इसके बाद युगाण्डा के नर्तक दल द्वारा प्रस्तुति दी गई। दर्शकों ने नर्तक दलों का भरपूर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा सहित अनेक जनप्रतिनिधि दर्शक दीर्घा में उपस्थित थे।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.